“तीन विश्वविद्यालय, एक संदेश: आतंक के खिलाफ़ छात्रों की एकजुट आवाज़, MANUU, AMU और JMI में कैंडल मार्च”

इंसाफ़ टाइम्स डेस्क

कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत से देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हमले के खिलाफ़ देश की तीन प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों—जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU), और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU)—में छात्रों ने कैंडल मार्च निकाल कर आतंकवाद के खिलाफ़ अपनी एकजुटता और पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की।

जामिया से उठी शांति की लौ

दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में आज छात्रों ने एकत्र होकर मोमबत्ती जला कर 26 दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। छात्रों ने आतंकवाद के इस नृशंस कृत्य की कड़ी निंदा की और दोहराया कि यह हमला मानवता पर था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल हुईं, जिन्होंने शांति, न्याय और एकजुटता की अपील की।

MANUU: “इस्लाम आतंक नहीं, अमन का पैग़ाम देता है”

हैदराबाद स्थित MANUU में आयोजित कैंडल मार्च में छात्र नेताओं और स्कॉलर्स ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आतंकवाद का इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है। पीएचडी स्कॉलर तल्हा मनन ने कहा, “हम मुसलमान इस्लाम की बुनियादी तालीम को मानते हैं, जो अमन, इंसाफ़ और इंसानियत की बात करता है। यह हमला इस मज़हब की तौहीन है।”

कश्मीरी छात्र मुक़द्दस कलास ने कहा, “यह हमला न सिर्फ़ पर्यटकों पर, बल्कि कश्मीर की पहचान पर हमला है। कश्मीर शांति चाहता है, हिंसा नहीं।”

स्वालेह वकील ने कहा, “यह सरकार और इंटेलिजेंस की बड़ी नाकामी है। पुलवामा के बाद फिर ऐसा हमला यह दिखाता है कि देश की सुरक्षा प्राथमिकता नहीं रही।”

AMU: “घायलों की मदद करने वाले मुसलमानों की पहचान न भूलें”

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हुए शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में छात्र नेता नावेद फुरकान ने एक बेहद महत्वपूर्ण बात कही: “इस घटना के बाद स्थानीय मुसलमानों ने खुद आगे बढ़कर घायलों की मदद की, उन्हें अस्पताल पहुँचाया। यह इंसानियत की मिसाल है। आतंक का कोई धर्म नहीं होता।”

छात्रों ने नारे लगाए—’आतंकवाद मुर्दाबाद’, ‘कश्मीर में अमन ज़िंदाबाद’, और ‘सरकार जवाब दो’। कुछ छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफ़े की मांग भी की, आरोप लगाते हुए कि बार-बार की सुरक्षा विफलताओं के लिए कोई जवाबदेही तय नहीं होती।

तीनों विश्वविद्यालयों के छात्रों का साझा संदेश

तीनों विश्वविद्यालयों में हुए इन मार्चों ने यह स्पष्ट किया कि देश का छात्र वर्ग हिंसा और आतंकवाद के खिलाफ़ एकजुट है और शांति, सौहार्द और इंसाफ़ चाहता है। मार्च का समापन हर जगह मौन श्रद्धांजलि के साथ हुआ, जिसमें दिवंगत नागरिकों को याद किया गया और देश में स्थायी शांति की कामना की गई।

खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी को मिली नई नेतृत्वकारी दिशा, उर्दू साहित्य के प्रतिष्ठित शोधकर्ता प्रोफेसर ज़ाहिदुल हक़ निदेशक नियुक्त

प्रख्यात उर्दू विद्वान, शायर और आलोचक प्रोफेसर ज़ाहिदुल हक़ ने आज ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व

मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी एलुमनाई फ्रेटरनिटी (एमएएफ) ने बिहार के नए डिग्री कॉलेजों में उर्दू विषय को शामिल नहीं किए जाने पर जताई गहरी चिंता

मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी एलुमनाई फ्रेटरनिटी (एमएएफ) ने बिहार सरकार द्वारा “सेवन रिजॉल्व्स-3 (2025-30)”

शोध को वास्तविक समाधानों में बदलना:ज़हूर हुसैन बट

आईआईटी कानपुर-एनवाईयू टंडन स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की साझेदारी यह दिखाती है कि उभरती प्रौद्योगिकियों में

मज़फ्फरपुर में उर्दू भाषा प्रकोष्ठ का प्रतियोगिता कार्यक्रम: विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की उत्कृष्ट प्रतिभा, ‘उर्दू नामा’ पत्रिका का हुआ लोकार्पण

उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार सरकार की योजना के अंतर्गत उर्दू भाषा सेल, मज़फ्फरपुर