AI से राष्ट्रपति–प्रधानमंत्री की फर्जी आवाज़: मुजफ्फरपुर में युवक गिरफ्तार, TOI के मुताबिक जन सुराज सोशल मीडिया टीम से जुड़ा रहा है आरोपी

आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बिहार साइबर पुलिस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज़ और तस्वीरों की नकल कर फर्जी वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कृत्य केवल साइबर अपराध नहीं, बल्कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुँचाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा कमजोर करने की कोशिश है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 2 जनवरी को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक संदिग्ध वीडियो सामने आया, जिसमें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की आवाज़ और चेहरे की नकल की गई थी। शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो AI आधारित टूल्स की मदद से तैयार किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल ट्रेल और सोशल मीडिया गतिविधियों के विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार राज के रूप में हुई है, जो बोचहां थाना क्षेत्र के भगवानपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर फर्जी वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने में किया गया।

Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार राज पहले प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी की सोशल मीडिया टीम से जुड़ा रहा है और उसने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के डिजिटल प्रचार का काम भी संभाला था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

साइबर थाना में इस मामले को कांड संख्या 1/26 के तहत दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने AI आधारित टूल्स के इस्तेमाल से वीडियो एडिट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी डिजिटल सामग्री का उद्देश्य जनता को गुमराह करना, संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को नुकसान पहुँचाना और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ना हो सकता है।

जांच एजेंसियां आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही हैं। अन्य थानों से संपर्क कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज रहा है या नहीं। आवश्यकता पड़ने पर आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने कहा “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान AI से बना फर्जी वीडियो सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में केस दर्ज किया गया और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।”

साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी वायरल वीडियो या डिजिटल कंटेंट को बिना सत्यापन के साझा न करें और फर्जी या भ्रामक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

मुंगेर की जामिया रहमानी में दाखिले का ऐलान, पत्रकारिता व दारूल हिकमत सहित सभी विभागों में प्रवेश जारी

मुंगेर स्थित जामिया रहमानी, खानक़ाह मोंगेर ने 1447-1448 हिजरी शैक्षणिक वर्ष के लिए अपने सभी

बिहार में शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव: अब BTET नहीं, केवल CTET पास करना अनिवार्य

बिहार सरकार ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट

पटना: NEET छात्रा मौत मामला: मानवाधिकार आयोग ने SSP को नोटिस जारी, 8 सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत

EFLU छात्रसंघ चुनाव में Fraternity-NSUI-MSF के ‘आवाज़’ गठबंधन का क्लीन स्वीप, ABVP और SFI को सभी सीटों पर हार

हैदराबाद के इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेज यूनिवर्सिटी (EFLU) के छात्रसंघ चुनावों में लोकतांत्रिक छात्र संगठनों

जामिया के छात्रों को करियर की नई राह: ShED-Forum ने आयोजित किया करियर काउंसलिंग कार्यक्रम

जामिया मिल्लिया इस्लामिया से जुड़े छात्रों और युवाओं को रोजगार एवं उच्च शिक्षा के प्रति