इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को आयोजित ‘बिहार बदलाव जनसभा’ में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने भाजपा सांसद संजय जायसवाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। चरपोखरी प्रखंड कार्यालय मैदान में सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में PK ने कहा कि संजय जायसवाल का “दुर्दिन नजदीक है” और वे अब “बेतुके बयान देकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।”
PK ने कहा, “गीदड़ की मौत आती है तो शहर की ओर भागता है। संजय जायसवाल का भी यही हाल है। अभी उछल रहे हैं लेकिन जल्द ही शांत हो जाएंगे। सात जन्म में भी वे मुझे जेल नहीं भेज सकते। बिहार और दिल्ली दोनों जगह उनकी पार्टी की सरकार है, जो करना है कर लें। बेतिया नगर निगम की गाड़ियों की फर्जी बिलिंग इनके पेट्रोल पंप पर होती है, जिसकी शिकायत भी हो चुकी है। अगर मैं गलत हूं तो केस करें और जेल भेजें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया पूर्णिया यात्रा पर तंज कसते हुए PK ने कहा कि हर बार बिहार यात्रा के नाम पर जनता का करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाया जाता है।
“पीएम आते हैं, तब गरीब जनता का पैसा खर्च होता है। सरकारी गाड़ियां, सरकारी कर्मचारी और यहां तक कि शिक्षक भी भीड़ जुटाने में लगाए जाते हैं। जनता को इसका कोई फायदा नहीं मिलता और भाजपा अपनी पीठ थपथपाती है।”
राजद नेता तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर भी PK ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा,
“अच्छी बात है कि कम से कम तेजस्वी घर से बाहर तो निकल रहे हैं। जनता उन्हें देख पाएगी, यही खुशी की बात है।”
यह विवाद तब और गहरा गया जब संजय जायसवाल ने हाल ही में PK पर शराब कंपनियों से धन लेने और लालू प्रसाद यादव से सांठगांठ कर वोट काटने का आरोप लगाया। जायसवाल ने PK को कानूनी नोटिस भेजकर आरोप साबित करने या सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग की है।
प्रशांत किशोर पिछले कई महीनों से ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत जिलों का दौरा कर रहे हैं। वे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाली को मुख्य चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। PK का कहना है कि उनका अभियान किसी एक व्यक्ति या दल के खिलाफ नहीं, बल्कि “पूरी राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव” लाने के लिए है।
