केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में पेश किए गए बजट 2026 में बिहार के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि टियर‑2 और टियर‑3 शहरों तथा मंदिरों वाले शहरों के विकास के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा फार्मा और बायोटेक सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ और MSME ग्रोथ के लिए 10,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। देशभर में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का भी ऐलान किया गया है।
निर्मला सीतारमण ने बताया कि अगले पांच साल में देश में 20 नए जलमार्ग बनाए जाएंगे। खासकर नेशनल वाटरवे ओडिशा में निर्माण होगा, जिससे खनिज संपन्न तालचेर और अंगूल को जोड़ा जा सके और कलिंगनगर को पारादीप पोर्ट से कनेक्ट किया जा सके। इसके साथ ही शिप रिपेयर इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। पटना और वाराणसी में इसके लिए विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
बिहार को बजट से मिल रही अन्य सुविधाएं
सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा।
वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार को आर्थिक और परिवहन लाभ।
कैंसर और 7 गंभीर बीमारियों की दवाइयां अब सस्ती होंगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि “केंद्रीय बजट सकारात्मक और स्वागत योग्य है। उन्होंने बताया कि शहरों के विकास और आधारभूत संरचना को लेकर किए गए प्रावधान बिहार में शहरीकरण, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देंगे,इस बार के बजट में देश के सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है। इससे लड़कियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में काफी सुविधा मिलेगी”
बिहार सरकार के परिवहन और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि “पटना में मेट्रो शुरू हो चुकी है और जल्द ही जल मेट्रो की शुरुआत भी होगी,पटना से गंडक और कोसी के माध्यम से नेपाल तक जल परिवहन पर काम चल रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम जल्द दिखेगा”
डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि बजट में हाई-स्पीड रेल, इंफ्रास्ट्रक्चर, मछली पालन और जलमार्ग परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
बजट 2026 से बिहार में औद्योगिक विकास, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी तेजी आने की उम्मीद है।
