बिहार पथ निर्माण विभाग ने सड़क सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक नई पॉलिसी लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि इस पॉलिसी के तहत सड़क में गड्ढे या खराब स्थिति की फोटो सरकार को भेजने पर 5000 रुपये तक का इनाम मिलेगा।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि पॉलिसी को रोड एंबुलेंस सिस्टम पर आधारित किया गया है। उन्होंने कहा, “जैसे मरीज बीमार पड़ता है और अस्पताल उसे इलाज के लिए बुलाता है, ठीक वैसे ही सड़क भी ‘बीमार’ होने पर रोड एंबुलेंस के जरिए तुरंत इलाज किया जाएगा।”
इस योजना के तहत सभी चौक-चौराहों पर रोड एंबुलेंस का नंबर जारी किया जाएगा। जब कोई नागरिक सड़क की स्थिति की जानकारी देगा, तो संबंधित सड़क की मरम्मत का काम तुरंत शुरू होगा।
मंत्री ने आगे बताया कि मार्च 2026 तक पॉलिसी लागू कर दी जाएगी और उसके बाद छह महीने के भीतर सड़क की देखरेख और मरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा। अगर कोई सड़क अभी भी खराब पाई जाती है और कोई व्यक्ति उसकी फोटो भेजता है, तो उसे इनाम दिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारी या ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप जायसवाल ने यह भी बताया कि इस योजना के तहत 24 घंटे रोड एंबुलेंस तैनात रहेगा। कॉल सेंटर पर जैसे ही सूचना प्राप्त होगी, विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा। इनाम की राशि अभी तय की जा रही है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इसे 5000 रुपये रखा गया है।
यह योजना बिहार के पथ निर्माण विभाग के लिए देश की मॉडल रोड मेंटेनेंस पॉलिसी साबित हो सकती है।
