पश्चिम चंपारण में भाकपा (माले) के युवा नेता और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के राज्य नेता फरहान राजा की गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आज से शुरू हो रही समृद्धि यात्रा से ठीक पहले हुई।
भाकपा (माले) राज्य कमिटी के सचिव कुणाल ने कहा कि फरहान राजा को बेतिया क्षेत्र में गरीब जनता के अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने और सरकारी अस्पतालों की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाने के कारण गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बुनियादी सवालों से बचने और आवाज़ उठाने वालों को दबाने के लिए दमनकारी कदम उठा रही है।
कुणाल ने कहा, “यह कोई नई घटना नहीं है। मुख्यमंत्री की पिछली यात्राओं के दौरान भी जन आंदोलनों और आंदोलनकारियों पर लगातार दमन किया गया। अब समृद्धि यात्रा के दौरान यही रवैया देखा जा रहा है।”
भाकपा (माले) ने सरकार से फरहान राजा की तत्काल रिहाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि दमनकारी कार्रवाइयाँ जारी रहीं, तो पार्टी राज्यव्यापी प्रतिरोध आंदोलन तेज करेगी।
पार्टी ने सवाल उठाया कि आखिर जनता की समस्याओं और आंदोलनकारियों की आवाज़ से सरकार को इतनी घबराहट क्यों है और क्या सवाल पूछना अब अपराध बन गया है।
