इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में काम करने गए बिहार के प्रवासी कामगारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उड़ानों के रद्द होने और हवाई क्षेत्रों के बंद होने के कारण कई बिहारी प्रवासी अपने परिवार से महीनों दूर फंसे हुए हैं।
इस स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर 7217788114 जारी किया है। इसके जरिए फंसे प्रवासी या उनके परिवार तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सचिव दीपक आनंद ने कहा कि यह हेल्पलाइन राज्य की ओर से एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की टीम लगातार अलर्ट रहेगी और किसी भी परिस्थिति में फंसे हुए बिहारी अकेले नहीं छोड़ेंगे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर हेल्पलाइन नंबर साझा करते हुए कहा कि सरकार प्रवासी बिहारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए सतर्क है। उन्होंने आश्वासन दिया कि 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
केंद्र सरकार भी खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए विशेष राहत उड़ानों का संचालन कर रही है। भारतीय मिशन और अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रहे हैं।
यूएई, कतर, सऊदी अरब, कुवैत और अन्य खाड़ी देशों में फंसे बिहारियों के परिवारों में चिंता बढ़ गई है। मिसाइल चेतावनियों और विस्फोट की खबरों ने भय को और बढ़ा दिया है। प्रवासियों से अपील की गई है कि वे हेल्पलाइन का इस्तेमाल करें और सुरक्षित रहें।
हेल्पलाइन नंबर: 7217788114
सम्पर्क समय: 24×7
