जामिया मिल्लिया इस्लामिया से जुड़े छात्रों और युवाओं को रोजगार एवं उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से The ShED-Forum, जामिया यूनिट की ओर से रविवार को एक दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “Career Pathways for Graduates: Employment & Higher Studies” विषय पर आधारित यह कार्यक्रम बाटला हाउस स्थित ज़हरा फ़ाउंडेशन एजुकेशनल सेंटर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए The ShED-Forum के संस्थापक और मुख्य वक्ता सबनवाज़ अहमद ने कहा कि संगठन का लक्ष्य छात्रों को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रखकर उन्हें सोचने, समझने और सही करियर विकल्प चुनने में मार्गदर्शन देना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में करियर की सफलता के लिए आत्ममंथन, कौशल विकास और सही दिशा में प्रयास बेहद ज़रूरी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तौकीर आलम ने युवाओं से समाज के प्रति जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने नेतृत्व, सार्वजनिक जीवन और करियर से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगठित प्रयास और सामाजिक चेतना ही युवाओं को मजबूत भविष्य की ओर ले जा सकती है।
गेस्ट ऑफ ऑनर जुबैर आलम ने अपने जीवन के अनुभवों के ज़रिये छात्रों को अनुशासन, निरंतर मेहनत और सेवा भावना को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यही गुण किसी भी सफल और सम्मानजनक करियर की बुनियाद होते हैं।
कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री फ़िल्ममेकर एवं KUKU FM के सीनियर मैनेजर अक़दस सामी ने मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिएटिव इंडस्ट्री और उच्च शिक्षा के बदलते अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि प्रभावशाली और सार्थक करियर की शुरुआत कॉलेज के दिनों से ही की जा सकती है।
इसके अलावा शाहिदुल्लाह सनाबिली ने छात्रों को विश्वविद्यालय जीवन के दौरान लगातार सीखते रहने और अपने कौशल को निखारने पर ज़ोर दिया। वहीं आक़िब रज़ा ने व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर करियर से जुड़े अहम सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सवाल-जवाब सत्र में छात्रों ने अपने भविष्य, रोजगार और उच्च शिक्षा को लेकर कई सवाल पूछे, जिनके उत्तरों को उन्होंने बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में The ShED-Forum के सभी सदस्यों के साथ-साथ सोहेल अख़्तर और मोइन आलम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन ShED-Forum जामिया यूनिट के छात्र मसरूर ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर पत्रकार शोएब मलिक आज़ाद ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी छात्रों के हित में ऐसे मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
