उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू मुश्किलों में फंस गए हैं। मुज़फ़्फ़रपुर की अधिकृत अदालत ने उनके खिलाफ बिहार की लड़कियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर नोटिस जारी किया है और जवाब तलब किया है।
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने परिवाद दाखिल किया था। आरोप है कि साहू ने सोशल मीडिया पर 2–3 जनवरी 2026 को बिहार की लड़कियों के बारे में बेहद अपमानजनक बयान दिया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि “बिहार में 20–25 हजार रुपये में लड़कियाँ मिल जाती हैं”। इस बयान को बिहार की बेटियों और पूरे समाज की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला बताया गया है।
आज मुज़फ़्फ़रपुर की एडीजे प्रथम की अदालत ने परिवाद को गंभीरता से लिया और मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा। अगली सुनवाई 26 फरवरी 2026 को निर्धारित की गई है। अधिवक्ता ओझा ने कहा कि अगर साहू जवाब नहीं देंगे तो कोर्ट एकतरफा सुनवाई कर सकती है।
विवाद उस समय शुरू हुआ जब साहू ने कार्यक्रम के दौरान एक कार्यकर्ता से कहा “शादी नहीं हुई है तुम्हारी, क्या बुढ़ापे में करोगे? अब तक तुम्हारे तीन–चार बच्चे हो गए होते। तुम्हारे लिए हम बिहार से लड़की ले आते ,बिहार में 20–25 हजार में मिल जाती है। मेरे साथ आओ, शादी करवा देते हैं तुम्हारी।”
यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों की भावनाएँ आहत हुईं। बयान पर जब विवाद बढ़ा, तो गिरधारी लाल साहू ने सफाई दी और मज़ाक बताते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह केवल मज़ाक में कहा गया था और अगर किसी को ठेस पहुँची है तो वह क्षमा चाहते हैं।
