इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थानाक्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रही एक 12 वर्षीय नाबालिग दलित लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। छठी कक्षा की छात्रा पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी अपनी सहेलियों के साथ दुर्गा पूजा का मेला देखने गई थी। मेला देखकर लौटते समय, बाइक सवार चार युवकों ने उसे अगवा कर लिया और एक बगीचे में ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की सहेलियों ने भागकर घर वालों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन बगीचे की ओर भागे।
पिता ने बताया, “जब हम पहुंचे तो बेटी बेहोश पड़ी हुई थी। उसे तुरंत करजा पीएचसी ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।”
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार प्रभाकर ने बताया कि पीड़िता और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
एसपी ने आगे बताया कि घटना के बाद से अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। इलाके में इस जघन्य वारदात के बाद से सनसनी फैल गई है और लोग सकते में हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
