इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राज्य के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। उन्होंने 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिसमें पथ निर्माण, नगर विकास, आवास, पशु और मत्स्य संसाधन विभाग की प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें प्रमुख हैं:
पटना जिले में 6,495 करोड़ रुपये की लागत से 35.65 किमी लंबी जेपी गंगा पथ परियोजना का विस्तारीकरण।
मुजफ्फरपुर में 814 करोड़ रुपये की लागत से 21.3 किमी लंबी हथौड़ी-अंधराई पथ पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण।
छपरा-सिवान में 701 करोड़ रुपये की लागत से 72.18 किमी लंबी छपरा-मांझी-दरौली-गुठनी पथ का निर्माण।
बांका-मुंगेर-भागलपुर में 650 करोड़ रुपये की लागत से 58.47 किमी लंबा धोरैया-इंग्लिश मोड़ पथ।
भोजपुर में 373 करोड़ रुपये की लागत से 32.6 किमी लंबा आरा-एकौना-खैरा-सहार पथ।
नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत 1,300 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनकी कुल लागत 769.64 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त, पटना नगर निगम क्षेत्र में 124 करोड़ रुपये की सड़क पुनरुद्धार योजना और 69.97 करोड़ रुपये की लागत से कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण शुरू होगा। पटना स्मार्ट सिटी के मौर्या लोक परिसर में 15 करोड़ रुपये की लागत से सुविधाओं का उद्घाटन भी किया गया।
पशु और मत्स्य संसाधन विभाग के तहत बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में 143 करोड़ रुपये की लागत से 13 भवनों का उद्घाटन किया गया। साथ ही, 116.52 करोड़ रुपये की लागत से 27 योजनाओं से संबंधित राज्य और जिला स्तरीय संसाधन केंद्रों और पशु चिकित्सालयों का उद्घाटन हुआ। इसके अलावा, 246.06 करोड़ रुपये की लागत से पशु चिकित्सालयों, प्रशिक्षण केंद्रों, और बिहार पशु चिकित्सा परिषद के प्रशासनिक भवन सहित 25 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
कॉम्फेड के तहत 279.14 करोड़ रुपये की लागत से डेयरी मिल्क पाउडर, दही संयंत्र, और पटना में केंद्रीय एकीकृत नियंत्रण केंद्र का शिलान्यास किया गया। साथ ही, 7.07 करोड़ रुपये की लागत से पूर्णिया में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र और दूध उत्पादन संयंत्र का विस्तारीकरण, गया में प्रशिक्षण केंद्र, और 1.06 करोड़ रुपये की लागत से किशनगंज, बांका, और पूर्णिया में पांच मत्स्य बाजारों का उद्घाटन हुआ। इसके अतिरिक्त, 44 करोड़ रुपये की लागत से 11 जिलों में मत्स्य बाजार और आधारभूत संरचनाओं का शिलान्यास किया गया।
चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय रूप से राज्य के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं। रविवार को उन्होंने 900 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय साइंस सिटी का उद्घाटन किया था। आज के इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के सभी मंत्री व अधिकारी मौजूद रहे।
इन योजनाओं के माध्यम से बिहार में यातायात, शहरी विकास, और पशु-मत्स्य संसाधन क्षेत्र में व्यापक सुधार की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का यह प्रयास न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा। नीतीश कुमार की यह पहल बिहार को विकास के नए आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
