बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में ज्वेलरी लूट और गोलीकांड का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। यह मुठभेड़ गंगा नदी किनारे रतन टोला–सादिकपुर इलाके में उस समय हुई, जब पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार समेत कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल अपराधी की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के सुअर मरवा पंचायत अंतर्गत चौरासी गांव निवासी सुभाष राय के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि नीतीश लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
मुठभेड़ के दौरान नीतीश के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 9 जनवरी को मनेर के बस्ती रोड स्थित गणपति ज्वेलर्स में लूट के दौरान तीन बदमाशों ने दुकानदार संजय सोनी को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। जांच में सामने आया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक राजीव नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह और दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने कहा “सूचना मिली थी कि आरोपी गंगा नदी किनारे छिपे हुए हैं। छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी। दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।”
