इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
सिवान जिले की पुलिस ने मंगलवार रात रईस खान गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से AK‑47, देसी कट्टा, नाली बंदूकें और भारी मात्रा में गोलियाँ बरामद हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर‑1) की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान अब्दुल कलाम आजाद, बाबू अली और समीना खातून के घरों से हथियार बरामद हुए।
एसपी ने बताया कि अब्दुल कलाम आजाद के घर से 1 AK‑47 असॉल्ट राइफल, 1 देसी कट्टा और भारी मात्रा में गोलियाँ मिलीं। बाबू अली के घर से 1 कार्बाइन और गोलियाँ जब्त की गईं, जबकि समीना खातून के घर से 2 नाली बंदूकें और गोलियाँ बरामद हुईं।
मनोज तिवारी ने कहा, “पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में तीनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए गए हैं। कानूनी प्रक्रिया और जांच जारी है।”
यह पहली बार नहीं है जब रईस खान गिरोह के ठिकानों पर छापेमारी हुई है। इसी साल सितंबर में भी खान ब्रदर्स के ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी, जिसमें AK‑47 और अन्य आधुनिक हथियार बरामद हुए थे। उस कार्रवाई में रईस खान समेत चार लोग गिरफ्तार हुए थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी। स्थानीय जनता से भी पुलिस ने किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि राज्य में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
