इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
बिहार के सिवान जिले में रविवार को एसटीएफ और जिला पुलिस ने खान ब्रदर्स के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई में एके-47 के 47 कारतूस, बुलेट प्रूफ जैकेट और अन्य आधुनिक हथियार बरामद हुए। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें कुख्यात रईस खान, अफ़ताब आलम, मुन्ना मियां और एक अन्य शामिल हैं।
सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी रविवार सुबह से शुरू हुई और पांच घंटे से अधिक समय तक चली। डीआईजी ने कहा, “हथियार और अन्य अवैध सामग्री बरामद हुई है। पूछताछ के बाद और ठिकानों पर भी छापेमारी की जाएगी।”
रईस खान पर 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अफ़ताब आलम 6 और मुन्ना मियां 3 मामलों में आरोपी हैं। डीआईजी ने बताया कि बरामद हथियार 2023 में सिपाही वाल्मीकि यादव की हत्या के समय लूटे गए हथियारों से संबंधित हो सकते हैं।
सिवान के खान ब्रदर्स – रईस और अयूब खान – लंबे समय से बाहुबली छवि के लिए कुख्यात रहे हैं। अयूब खान पर 2022 में ट्रिपल मर्डर का आरोप है। वहीं, 15 जनवरी 2025 को लोजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दोनों भाइयों को पार्टी में सदस्यता दिलाई थी। रईस खान की चर्चा रघुनाथपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की भी थी।
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हथियारों की फॉरेंसिक जांच की जाएगी। डीआईजी ने संकेत दिए कि पूछताछ के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
इस कार्रवाई ने न केवल सिवान बल्कि पूरे बिहार में राजनीतिक और आपराधिक हलकों में हलचल मचा दी है।
