इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
बिहार की राजनीति में शनिवार को एक नई हलचल देखने को मिली। रोहतास जिले के युवा नेता और युवा शक्ति बिहार के प्रदेश अध्यक्ष रहे तूराब नियाज़ी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जनसुराज पार्टी का दामन थाम लिया। पटना के शेखपुरा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने तूराब नियाज़ी का स्वागत किया और उन्हें जनसुराज परिवार का अहम हिस्सा बताया।
तूराब नियाज़ी की माता इस समय रोहतास नगर परिषद की चेयरपर्सन हैं और इलाके में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। तूराब नियाज़ी को विशेष रूप से मुस्लिम युवाओं में प्रभावशाली नेता के रूप में जाना जाता है और वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
तुराब नियाज़ी के शामिल होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा “आज जनसुराज में एक नई ऊर्जा आई है। तूराब नियाज़ी जैसे युवाओं के जुड़ने से यह आंदोलन और मज़बूत होगा। बिहार में असली बदलाव तभी आएगा जब हर वर्ग अपनी हिस्सेदारी के लिए एकजुट होकर खड़ा होगा।”
तूराब नियाज़ी ने इस मौके पर प्रशांत किशोर के विचारों की सराहना करते हुए कहा “हम हमेशा से प्रशांत किशोर और उनके सिद्धांतों का समर्थन करते आए हैं। ‘जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ का सिद्धांत सामाजिक न्याय और बराबरी की असली नींव है। हम इसी विचार के साथ आगे बढ़ते हुए बिहार में समानता और न्याय की नई दिशा तय करेंगे।”
उन्होंने कहा कि वे प्रशांत किशोर की ‘बिहार व्यवस्था परिवर्तन’ मुहिम में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और जनसुराज को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे।हम सब मिलकर बिहार को नई पहचान और नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में किशोर कुमार मुन्ना, रामबली चंद्रवंशी और सुभाष कुशवाहा सहित कई अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे। इन नेताओं ने भी बिहार में सामाजिक और राजनीतिक सुधारों के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
