इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
ओडिशा के कटक शहर में दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की बाइक रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने रविवार रात 10 बजे से 36 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया है। इसके साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को 24 घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया है। यह कदम शहर में बढ़ती सांप्रदायिक तनाव और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है।
पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक व्यक्तिगत विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया गया।
रविवार को विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित बाइक रैली को सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी गई थी। जब पुलिस ने रैली को रोकने का प्रयास किया, तो उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस झड़प में 25 लोग घायल हुए, जिनमें आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कटक के विभिन्न हिस्सों में 36 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है। कई क्षेत्रों में धारा 144 भी लागू की गई है, जो पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाती है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
विपक्षी दलों ने राज्य सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति को नियंत्रित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
कटक में दुर्गा पूजा विसर्जन और विहिप रैली के दौरान हुई हिंसा ने शहर को अशांत कर दिया है। प्रशासन ने कर्फ्यू और इंटरनेट बंदी जैसे कठोर कदम उठाए हैं, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की गई है।
