इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
दीघा विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भाकपा(माले) की चुनाव संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड अमर, पोलित ब्यूरो सदस्य और विधान परिषद सदस्य कॉमरेड शशि यादव, पटना महानगर सचिव कॉमरेड जितेन्द्र कुमार, और मजदूर संगठन ACTU के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड रणविजय कुमार उपस्थित रहे। महागठबंधन से दीघा की संभावित उम्मीदवार और पूर्व छात्र नेता कॉमरेड दिव्या गौतम भी बैठक में शामिल हुईं।
बैठक में दीघा विधानसभा के विभिन्न मोहल्लों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अब तक के चुनाव प्रचार की समीक्षा की और निर्णय लिया कि प्रत्येक वार्ड में प्रचार टीम गठित कर अभियान को और तेज किया जाएगा।
बैठक में बोलते हुए कॉमरेड अमर ने कहा कि एनडीए सरकार के प्रति जनता में गहरा असंतोष है। उन्होंने कहा कि पटना शहर में विकास के नाम पर केवल छल किया गया है और शहरी गरीबों के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग और फुटपाथ दुकानदार लगातार प्रशासन द्वारा परेशान किए जा रहे हैं, और माले उनकी लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस बार शहरी गरीबों को एनडीए की झूठी बातों से सावधान करना और उनके बीच सघन प्रचार अभियान चलाना आवश्यक है।
कॉमरेड शशि यादव ने कहा कि पिछले चुनाव में भाकपा(माले) ने दीघा में शानदार प्रदर्शन किया था। विधान परिषद सदस्य के रूप में उन्होंने इस क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। महिलाओं और शहरी गरीबों के मुद्दों पर पार्टी लगातार संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि इस बार महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करनी है।
कॉमरेड दिव्या गौतम ने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार ने युवाओं और महिलाओं को ठगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी छात्रों के आंदोलनों को पुलिस दमन का सामना करना पड़ा है, जबकि BPSC और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक आम हो चुका है। युवाओं के भविष्य के साथ यह सबसे बड़ा अन्याय है, और इसे मुद्दा बनाकर जनता के बीच जोरदार प्रचार अभियान चलाना होगा।
बैठक में आगामी चुनावों के लिए प्रचार अभियान को सशक्त बनाने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
