पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के शिलान्यास के पोस्टर लगाए जाने के बाद राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस घटना पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि अब भारत में दोबारा बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी और देश में केवल भगवान राम तथा माता जानकी के मंदिर ही निर्मित होंगे।
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिन्हा ने कहा “भारत में फिर कभी बाबर नहीं पैदा होगा, जो इस भूमि पर बाबरी मस्जिद बना सके। मां भारती का संतान जाग चुका है। बाबर का कोई औलाद अब भारत में बाबरी मस्जिद नहीं बनाएगा।”
मामला तब सामने आया जब मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा क्षेत्र में मंगलवार देर रात पोस्टर लगाए गए, जिन पर कथित तौर पर 6 दिसंबर को ‘बाबरी मस्जिद शिलान्यास समारोह’ आयोजित करने की घोषणा की गई है।
पोस्टर में टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर को कार्यक्रम का आयोजक बताया गया है।
कबीर का बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा “हम 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे।”
गौरतलब है कि 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद को ढहा दिया गया था, जिसके बाद बाबरी मस्जिद-रामजन्मभूमि विवाद वर्षों तक अदालत में चला।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बाबरी मस्जिद के स्थल पर राम मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है।
मंगलवार को राम मंदिर परिसर में ध्वजारोहण का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जो इस विवादित इतिहास के बाद एक प्रतीकात्मक क्षण माना जा रहा है।
मुर्शिदाबाद में लगे पोस्टरों के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ है और आने वाले दिनों में यह मामला राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।
