बिहार राज्य में लाइब्रेरियन बहाली का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अभी और प्रतीक्षा करनी होगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने स्पष्ट किया है कि एसटीईटी (STET) परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद ही टीआर-4 (TRE-4) के तहत शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद ही लाइब्रेरियन की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि फिलहाल सरकार की प्राथमिकता टीआर-4 शिक्षक बहाली को पूरा करना है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों से रिक्त पदों का ब्योरा मंगाया जा रहा है। अब तक विभिन्न जिलों से करीब 100 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अंतिम आंकड़े आने के बाद ही नियुक्ति की तिथि तय की जाएगी। मंत्री ने संकेत दिया कि जनवरी या उसके बाद शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
शिक्षा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि लाइब्रेरियन की बहाली शिक्षक नियुक्ति के बाद ही की जाएगी, जिससे संबंधित अभ्यर्थियों को कुछ और समय तक इंतजार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की दिशा में भी काम कर रही है, ताकि समावेशी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
सुनील कुमार ने बताया कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत विद्यालयों में कंप्यूटर लैब, टैब और डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे शिक्षक और विद्यार्थी दोनों डिजिटल माध्यम से लाभान्वित होंगे।
शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों के कारण सरकारी विद्यालयों में नामांकन में वृद्धि हुई है। वर्तमान में राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले एक करोड़ नौ लाख से अधिक बच्चों को प्रतिदिन मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगारपरक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दे रही है, ताकि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
