लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अब बिहार की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहते। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद, पार्टी ने पश्चिम बंगाल और असम में चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति शुरू कर दी है। यह कदम पार्टी को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और एनडीए को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है।
पार्टी ने खगड़िया सांसद राजेश वर्मा को बंगाल और असम का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनका काम संगठन विस्तार करना, स्थानीय नेताओं से संपर्क करना और चुनावी संभावनाओं की रिपोर्ट तैयार करना है। सूत्रों के अनुसार, एलजेपी (रामविलास) बड़े पैमाने पर चुनाव लड़ने के बजाय चुनिंदा और रणनीतिक सीटों पर ही उम्मीदवार उतारेगी, ताकि वोट शेयर और संगठन की ताकत का आकलन किया जा सके।
चिराग पासवान की रणनीति का केंद्र दलित, महादलित और पिछड़ा वर्ग है। पार्टी बिहार में अपने सामाजिक आधार को मॉडल के रूप में पेश कर, बंगाल और असम में भी इन्हीं वर्गों के बीच राजनीतिक पकड़ बनाने की कोशिश करेगी। एलजेपी (रामविलास) का लक्ष्य केवल सीटें जीतना नहीं है, बल्कि इसे राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित करना है।
राजू तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष, एलजेपी (रामविलास) ने कहा, “हमारे संस्थापक रामविलास पासवान का सपना था कि पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बने। हम पश्चिम बंगाल और असम में उम्मीदवार उतारकर इसे पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारा मकसद मजबूत चुनावी प्रदर्शन और गठबंधन की ताकत से अन्य राज्यों में भी स्थिति मजबूत करना है।”
राजनीतिक विश्लेषक प्रवीण बागी का कहना है कि बिहार के छोटे दल दूसरे राज्यों में चुनाव इसलिए लड़ रहे हैं ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा, “एलजेपी (रामविलास) का बाहर कोई मजबूत आधार नहीं है, लेकिन पार्टी प्रयास कर रही है। भाजपा के साथ गठबंधन उनकी ताकत बढ़ा सकता है।”
राष्ट्रीय पार्टी बनने के लिए किसी भी दल को कम से कम तीन राज्यों में लोकसभा की 2 फीसदी सीटें जीतनी चाहिए, या चार राज्यों में 6 फीसदी वोट प्राप्त करना जरूरी है। फिलहाल देश में केवल छह राष्ट्रीय दल मान्यता प्राप्त हैं: BJP, INC, BSP, CPI(M), CPI और AAP।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एलजेपी (रामविलास) ने 29 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जिनमें से 19 पर जीत दर्ज की। नागालैंड विधानसभा चुनाव 2023 में पार्टी ने 2 सीटें जीती और झारखंड में 1 सीट। लोकसभा चुनाव 2024 में एलजेपी (रामविलास) ने 5 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी जीत हासिल की, कुल वोट प्रतिशत 6.47% रहा।
एलजेपी (रामविलास) का यह राष्ट्रीय विस्तार बिहार में मिली सफलता के बाद उठाया गया रणनीतिक कदम है। पार्टी भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की तैयारी कर रही है।
