उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ ज़िले के रंजीतपुर चिलबिला क्षेत्र में धार्मिक आस्था से जुड़ी कर्बला की ज़मीन पर कथित तौर पर ज़बरन कब्ज़ा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में विजय मौर्य समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था, हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
यह घटना मंगलवार सुबह चिलबिला फ्लाईओवर के पास, अयोध्या–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हुई, जब विजय मौर्य के नेतृत्व में कुछ लोग दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे और ज़मीन को समतल करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त भूमि कर्बला से संबंधित है, जहां मुहर्रम के दौरान धार्मिक रस्में अदा की जाती हैं।
सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच जैसे ही ज़मीन पर जेसीबी चलने की जानकारी फैली, आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। कर्बला कमेटी के सदस्य, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें धमकाया गया और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सूचना मिलने पर सर्किल ऑफिसर (नगर) प्रशांत राज हुड्डा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल, उप जिलाधिकारी (सदर) नैन्सी सिंह और नगर कोतवाली प्रभारी मोहम्मद इब्रार अंसारी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देहात कोतवाली, कोहंडौर और अंतू थाना क्षेत्र की पुलिस भी तैनात की गई। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए दोनों जेसीबी मशीनों को ज़ब्त कर लिया।
मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष हैदर अली की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बलवा, धार्मिक भावनाएं आहत करने, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और महिलाओं की गरिमा भंग करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने विजय मौर्य, विशाल मौर्य, अनूप श्रीवास्तव और अंकित जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद पुराना है और कर्बला कमेटी तथा स्थानीय निवासी रामशिरोमणि पांडेय के बीच ताज़िया दफन को लेकर लंबे समय से न्यायालय में मामला विचाराधीन है। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है, जिस पर प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
ज़िला प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल स्थिति संवेदनशील जरूर है, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के चलते कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।