सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के छठे राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन के दौरान युवा राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया। पार्टी ने आधिकारिक रूप से अपने युवा संगठन ‘यंग डेमोक्रेट्स’ के गठन की घोषणा की।
इस मौके पर SDPI के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष मोहम्मद शफी ने ‘यंग डेमोक्रेट्स’ की पहली राष्ट्रीय आयोजन समिति का ऐलान किया। एडवोकेट रेनू देवी सिंह को संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, संयुक्त संयोजकों में के.ए. मोहम्मद शमीर (केरल), ताहिर शेख (आंध्र प्रदेश), सैयद अलीम इलाही (कर्नाटक), जयराज जयन (केरल) और अली अकबर सिद्दीकी (पश्चिम बंगाल) को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय समिति के सदस्यों में मनप्रीत कौर (उत्तर प्रदेश), मदीहा रज़ा (कर्नाटक), रोनी शेख (झारखंड), फातिमा अर्शाना (केरल), आबिदा रशीद (केरल), मोहम्मद इब्राहिम (पश्चिम बंगाल), समीना कौसर (कर्नाटक), एडवोकेट अब्दुल्ला हसन फैज़ी (तमिलनाडु), मुस्ताकिम मोल्ला (पश्चिम बंगाल), अमीना इस्मत (केरल), एस. हनीफ खान (तमिलनाडु), मोहम्मद दानिश (नई दिल्ली), मुद्दस्सिर (पश्चिम बंगाल) और एडवोकेट आदिल हुसैन (केरल) शामिल हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहम्मद शफी ने कहा कि ‘यंग डेमोक्रेट्स’ का गठन देश के युवाओं को सामाजिक लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के आधार पर राजनीतिक रूप से जागरूक और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह युवा संगठन सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, अल्पसंख्यक अधिकार और श्रम अधिकारों पर आधारित राजनीतिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘यंग डेमोक्रेट्स’ शिक्षा, रोजगार, सामाजिक असमानता, पर्यावरण संरक्षण और संविधान की समझ जैसे अहम मुद्दों पर युवाओं को एकजुट करेगा और उन्हें देश के राजनीतिक भविष्य को आकार देने वाली निर्णायक शक्ति के रूप में तैयार करेगा। कैंपस राजनीति और सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाना, युवाओं के विचारों और विरोध को रचनात्मक एवं लोकतांत्रिक मंच देना तथा असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक प्रवृत्तियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘यंग डेमोक्रेट्स’ एक एकीकृत राष्ट्रीय संगठनात्मक ढांचे के तहत कार्य करेगा और जल्द ही इसका विस्तार राज्य, जिला और स्थानीय इकाइयों तक किया जाएगा। आने वाले समय में संगठन का विस्तृत ढांचा और कार्ययोजना भी सार्वजनिक की जाएगी।
सम्मेलन में SDPI के राष्ट्रीय महासचिव (प्रशासन) मुहम्मद अशरफ अंकाजल और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रियाज़ फरंगीपेटे भी मौजूद रहे।