उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित होटल अवध कोर्ट में आयोजित एसडीपीआई उत्तर प्रदेश चुनाव कनक्लेव में संगठनात्मक विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों की रणनीति को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. के. फैज़ी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने का आह्वान किया।
कनक्लेव का उद्घाटन करते हुए एम. के. फैज़ी ने कहा कि अब पार्टी को डेटा-आधारित रणनीति, सतत जनसंपर्क और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ आगे बढ़ना होगा, ताकि जनता के बीच प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई जा सके। उन्होंने संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पार्टी वंचित, पिछड़े और हाशिए पर खड़े वर्गों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए कार्यरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष नज़मुद्दीन खान ने की। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, एकता और बूथ स्तर की तैयारी को चुनावी सफलता के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पसमांदा और कमजोर वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने की अपील की।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद शफी ने अपने संबोधन में राजनीतिक जागरूकता, मतदाता संपर्क और सतत जनसंपर्क अभियान को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देकर ही जनता का विश्वास मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल सत्तार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल मुईद तथा यंग डेमोक्रेट्स की राष्ट्रीय संयोजक एडवोकेट रेनू देवी सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय, संसाधन प्रबंधन और चुनावी तैयारी को मजबूत करने पर बल दिया।
कनक्लेव में प्रदेश भर से आए जिला, विधानसभा और बूथ स्तर के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की। सत्रों में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, मीडिया रणनीति और मध्य उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम का संचालन राज्य महासचिव मोहम्मद नदीम ने किया। स्वागत भाषण राज्य उपाध्यक्ष हारून साहिल ने प्रस्तुत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राज्य सचिव फरहान अहमद ने दिया। इस अवसर पर साहिब आलम, मोहम्मद रियाज और दिलशाद अहमद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कनक्लेव का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ।
