
पटना (प्रेस रिलीज़ /इंसाफ़ टाइम्स) कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की मौजूदगी में अररिया भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह द्वारा निकाले गए हिन्दू स्वाभिमान यात्रा और उनके विवादित बयान से उत्पन्न हुए तनाव के खिलाफ़ ज़िला प्रशासन द्वारा सद्भावना मार्च निकालने को हास्यास्पद, सरकार की बेचारगी और अपर्याप्त कार्यवाई बताया है।
कटिहार के प्राणपुर विधान सभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे तौकीर आलम ने जारी बयान में कहा कि अगर किसी की हरकतों से समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है और उससे क़ानून व्यवस्था को खतरा उत्पन्न होता है तो प्रशासन का काम उसे गिरफ्तार कर कानून कार्यवाई करना होता है। लेकिन अररिया में नितीश जी का प्रशासन तनाव पैदा करने वालों के खिलाफ़ कार्यवाई करने के बजाय गिड़गिड़ाता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तक शांति और सद्भावना मार्च सिविल सोसाइटी, नागरिक समाज और विपक्ष के लोग करते रहे हैं क्योंकि उनके पास कार्यवाई करने की संवैधानिक शक्ति नहीं होती है। लेकिन अपने की गठबंधन के भाजपा सांसद के आगे नितीश कुमार जी की सरकार अपने संवैधानिक शक्ति का इस्तेमाल करने का साहस नहीं दिखा पा रही है और विपक्षी दलों और सिविल सोसाइटी, नागरिक समाज की भूमिका निभाने पर मजबूर हो गयी है। इससे उनकी बेबसी का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि ये देश संविधान से चलेगा, किसी का भी नफ़रती एजेंडा सीमांचल समाज बर्दाश्त नहीं कर सकता। सभी धर्म जाती वर्ग समुदाय और देश के सभी संस्कृतियों व तहज़ीबों की रक्षा सुरक्षा और अपने धर्म व संकृति अनुसार ज़िन्दगी गुजारने का अधिकार हमारे संविधान ने दिया है, कोई भी जबरदस्ती से देश में कोई अपने मनमर्जी का कानून थोप नहीं सकता, ऐसा करने पर और ऐसे बयान से अगर माहौल ख़राब होता है तो शासन प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसे करने वालों पर कानूनी कारवाई करे उनको गिरफ्तार करे।
उन्होंने कहा कि अगर नितीश कुमार जी मुख्यमंत्री की शक्तियों का इस्तेमाल नहीं कर सकते तो उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। नितीश जी को एक साथ पक्ष और विपक्ष दोनों में दिखने का नाटक नहीं करना चाहिए।