
पटना (इंसाफ़ टाइम्स डेस्क) 2025 के शुरू होते ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी राजनीतिक दलों ने शुरू कर दिया है,कल ही एनडीए बिहार के दलों (बीजेपी,जेडीयू,लोजपा-आर, हम और आरएलएम) के प्रवक्ताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर संदेश दिया था कि “2025 में नीतीश कुमार की अगुवाई में सरकार बनाएंगे” , तो वहीं आज लालू प्रसाद यादव ने भी जवाबी संदेश दिया है
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर लिख कर न सिर्फ़ सरकार बनाने का दावा किया बल्कि तेजस्वी यादव को महा गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा भी घोषित कर दिया है
लालू प्रसाद यादव ने लिखा कि “एक पथ पर भ्रष्टाचार का गिरने वाला पुल है,बेरोज़गारी है,गरीबी है,पलायन है,अपराध है,कराह रहा अपना बिहार है।दूसरे पथ पर युवाओं के लिए नियुक्ति व रोजगार है,माई-बहिन का मान है,विधवाओं का सम्मान है,बुजुर्गों व दिव्यांगों का सहारा है,200 यूनिट मुफ्त बिजली से बिल की बचत से रोशन होता घर है,नया बिहार का संकल्प है।
लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री चेहरा के तौर पर पेश करते हुए लिखा कि “राइट टर्न लेगा बिहार,इस बार तेजस्वी सरकार”
मालूम हो कि इस समय एनडीए गठबंधन में 05 पार्टियां शामिल है तो वहीं महा गठबंधन में 06 पार्टियां (राजद,कांग्रेस,वीआईपी, सीपीआईएम-एल,सीपीआई,सीपीएम) शामिल है और ये माना जा रहा है कि पशुपति पारस की “लोजपा”, आरसीपी सिंह की “आसा” को भी महा गठबंधन में शामिल किया जा सकता है