
पटना (सैफुर रहमान/इंसाफ़ टाइम्स) अमृतपाल के नाम पर पंजाब में पैदा हुए हालात को लेकर जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने तमाम सिख संगठनों, बुद्धिजीवियों, निहंग जत्थों समेत अन्य के साथ मीटिंग किया है।
मीटिंग के बाद सरकार को सभी गिरफ्तार जवानों को रिहा करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है और साथ ही ऐलान किया गया कि तमाम गिरफतार जवानों का मुक़दमा अकाल तख्त लड़ेगा। ज्ञात हो कि पुलिस का कहना है कि 353 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और 07 लोगों पर एनएसए लगाया गया है. जिसमें से 157 को छोड़ा जा चुका है।
मीटिंग में ये भी कहा गया कि अमृतपाल सरकार के पास है तो सरकार उनको पेश करे और अगर वो फरार है तो उनको कानूनी प्रक्रिया में आकर अपनी बात रखनी चाहिए।
जत्थेदार ने लोगों से कहा कि आज स्टेट हम पर हथियारों से नहीं बल्कि कूटनीतिक हमले कर रहा है तो हमे भी कूटनीतिक जवाब देना है।
मीटिंग में मीडिया के बारे में चर्चा करते हुए कहा गया की मीडिया के ज़रिए सिखों को बदनाम किया जा रहा है और वैचारिक हमला किया जा रहा है जिस पर कार्रवाई की जरूरत है. और इनके खिलाफ़ कानूनी लड़ाई लड़ने का फ़ैसला भी लिया गया। खास कर मीडिया की उस बात की सख्त निंदा की गई जिसमें हरप्रीत सिंह की बातों को काट कर उनके माध्यम से अमृतपाल को सरेंडर करने के लिए कहने की बात चलाई गई थी।