इंसाफ़ टाइम्स डेस्क
मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर जबलपुर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह मंत्री के खिलाफ चार घंटे के भीतर FIR दर्ज करे। यह आदेश अदालत ने स्वयं संज्ञान लेते हुए दिया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब मंत्री विजय शाह ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों ने मंत्री के बयान की कड़ी निंदा की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि मंत्री विजय शाह को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल सेना का अपमान है, बल्कि देश की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है।
इस मामले में झांसी में भी मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं और विभिन्न संगठनों ने मंत्री के बयान की निंदा की है।
मंत्री विजय शाह का यह पहला विवादित बयान नहीं है। इससे पहले भी वह कई बार अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। 2013 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी पर टिप्पणी की थी, और 2018 में ट्रांसजेंडर समुदाय पर भी विवादित बयान दिया था।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है और मंत्री विजय शाह के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।